Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

काम से हटाने की खुन्नस में युवक ने जला दी बेकरी

1001600623

देहरादून(आरएनएस)।  करनपुर में एक सिरफिरे युवक ने काम से हटाए जाने की खुन्नस में बेकरी में आग लगा दी। घटना रविवार देर रात करीब एक बजे की है। आगजनी में दुकान का फर्नीचर, छह एसी, फ्रिज और कीमती सामान जलकर राख हो गया है। आरोपी ने आग लगाने से पहले कारखाने में मौजूद एक दिव्यांग कर्मचारी के साथ मारपीट भी की। शिकायत पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर डालनवाला संतोष कुंवर ने बताया कि ओल्ड डालनवाला निवासी शुभम महेश्वरी करनपुर चौक के पास महेश्वरी बेकर्स के नाम से दुकान और कारखाना है। शुभम ने बताया कि उन्होंने बीते दो जनवरी को भगत सिंह कॉलोनी निवासी अभिषेक कुमार को सफाई के काम पर रखा था। युवक का आचरण सही न होने के कारण उसे दो दिन बाद ही हटा दिया गया। इससे नाराज होकर आरोपी अभिषेक ने मालिक को देख लेने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। शुभम के अनुसार बीते चार जनवरी की रात करीब एक बजे जब वे कारखाना बंद कर घर चले गए, तब आरोपी वहां पहुंचा। उसने वहां मौजूद दिव्यांग कर्मचारी विकास सिंह गुसाईं के साथ बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने दुकान के शटर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। यह पूरी घटना पास ही स्थित दुकान और कारखाने के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पड़ोसी के घर तक पहुंची आग आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें बगल में स्थित राहुल गुप्ता के घर तक जा पहुंचीं, जिससे उन्हें भी नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से बेकरी में तैयार और कच्चा माल भी जला। इंस्पेक्टर संतोष कुंवर ने बताया कि मंगलवार को मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।