अल्मोड़ा। कोतवाली सोमेश्वर और ऑपरेशन स्माइल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा 17 वर्षीय नाबालिग बालक को हल्द्वानी से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार सोमेश्वर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बीती 5 अप्रैल को कोतवाली सोमेश्वर में तहरीर दी थी कि उसका पुत्र 4 अप्रैल को सोमेश्वर बाजार के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस संबंध में कोतवाली सोमेश्वर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम और ऑपरेशन स्माइल टीम ने खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने सुरागरसी और तलाश के दौरान बुधवार को नाबालिग को रोडवेज बस स्टेशन हल्द्वानी, जनपद नैनीताल से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल कार्रवाई पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस का आभार व्यक्त किया। टीम में अपर उप निरीक्षक रमेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरीश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या शामिल रहे।
गुमशुदा नाबालिग को हल्द्वानी से सकुशल किया बरामद






