Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ओडिशा में सीमेंट फैक्ट्री का ढांचा गिरा, आठ मजदूर दबे

Spread the love

सुंदरगढ़ (आरएनएस)। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की सीमेंट फैक्ट्री में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर लोहे का ढांचा गिर गया है। जिसके नीचे समाचार लिखे जाने तक 8 मजदूर भी फंसे बताए जा रहे हैं। जबकि अब तक 63 लोगों को बचाया जा चुका है। सीमेंट की फैक्ट्री में जिस वक्त ये लोहे का ढांचा गिरा, उस वक्त वहां कई लोग काम कर रहे थे। फिलहाल रेस्क्यू चल रहा है, ताकि दबे हुए लोगों को जल्द से जल्द निकाला जा सकें।
क्रेन और एंबुलेंस फैक्ट्री में पहुंच चुकी है, ताकि फंसे हुए लोगों को बचाया जा सकें। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने में मदद कर रही है। राजगांगपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक एम. प्रधान ने बताया, ‘‘लोहे का बड़ा ढांचा ‘कोल हॉपर’ अचानक नीचे गिर गया। पुलिस की टीम अभी घटनास्थल पर हैं। क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। लेकिन, हमें संदेह है कि कुछ मजदूर मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं।”
इससे पहले असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में भी हादसा हुआ था। कल तक के अपडेट के मुताबिक इस हादसे में चार खनिकों की मौत हो गई थी और पांच अन्य अब भी खदान में फंसे हुए हैं। सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले खनिकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस बीच, अधिकारियों का कहना है कि भूमिगत खदान में पानी का संभवत: ताजा रिसाव होने की वजह से जल निकासी की प्रक्रिया धीमी हो गई है।