रामगढ़ (नैनीताल), 18 सितंबर।
भूमि संरक्षण वन प्रभाग नैनीताल की रामगढ़ रेंज के अंतर्गत जंगलिया गांव वन पंचायत में बुधवार को सेवा पर्व एवं स्वच्छता संकल्प (स्वच्छता उत्सव) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन पंचायत सरपंच, विभागीय कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया तथा स्वच्छता के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे, इसके लिए समय निकालेंगे और सप्ताह में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाएंगे। साथ ही प्रभावी प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की दिशा में भी कार्य करने का संकल्प लिया गया।
स्वच्छता कार्यक्रम के साथ ही एक विशेष पौधारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसके तहत उपयोगी प्रजातियों के विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम से पूर्व शपथ ग्रहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर वन रक्षक मनीष पांडे ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन दरोगा सागर सिंह जीना ने की। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राजेंद्र सिंह रावत, नारायण भंडारी, मनीष पांडे, रमेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।








