Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

यूसीसी पंजीकरण की प्रगति को लेकर यूसीसी महानिबंधक ने की समीक्षा बैठक

Spread the love

अल्मोड़ा(आरएनएस)। जनपद में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पंजीकरण की प्रगति और उससे जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूसीसी के महानिबंधक डॉ. वी. षणमुगम ने की। बैठक में संबंधित रजिस्ट्रार, सब-रजिस्ट्रार और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य यूसीसी पंजीकरण के दौरान आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की रणनीति तय करना और फील्ड अधिकारियों से सुझाव प्राप्त करना था। रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रारों ने पंजीकरण प्रक्रिया में आ रही तकनीकी जटिलताओं और आम जनता की चिंताओं को विस्तार से रखा। महानिबंधक ने इन मुद्दों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अब तक की प्रगति पर संतोष जताते हुए पंजीकरण कार्य को समयबद्ध और लक्ष्यानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण शीघ्रता से पूरा किया जाए। महानिबंधक ने आम नागरिकों के पंजीकरण को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की बात पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक औपचारिकताओं से बचा जाए और जनता को सहज, सम्मानजनक वातावरण में पंजीकरण की सुविधा मिले। बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने सभी रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार को निर्देश दिए कि पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाया जाए, जिससे आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने गोपनीयता बनाए रखने और अनावश्यक पूछताछ से बचने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पंजीकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे नागरिक आत्मविश्वास के साथ पंजीकरण प्रक्रिया में भाग ले सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एडीएम सी.एस. मर्तोलिया, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत राहुल आनंद, एसडीएम सदर संजय कुमार, एसडीएम भनोली एन.एस. नगन्याल, डीपीआरओ राजेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त नगर निगम भरत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।