Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सोमनाथ मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 1170 अग्निवीरों ने ली शपथ

Spread the love


अल्मोड़ा। रानीखेत के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 1170 अग्निवीरों ने राष्ट्र सेवा और देश की रक्षा की शपथ लेकर भारतीय सेना में अपना औपचारिक प्रवेश किया। समारोह के दौरान पूरा मैदान भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। छह माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद अग्निवीरों ने अंतिम पग भरते हुए सेना के जीवन में प्रवेश किया। बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए जब अग्निवीर समारोह स्थल पहुंचे तो वहां मौजूद अभिभावकों और नागरिकों में उत्साह का माहौल बन गया। धर्म गुरुओं ने सभी अग्निवीरों को देश की रक्षा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। समारोह को संबोधित करते हुए कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर (केआरसी) के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने अग्निवीरों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होकर देश सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने पुत्रों को सेना को समर्पित करने वाले अभिभावक भी सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने अग्निवीरों से अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश सेवा करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर के अधिकारी, अग्निवीरों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे।