Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

12 घंटे में साधु की हत्या का खुलासा, नेपाली युवक गिरफ्तार

हरिद्वार(आरएनएस)। कोतवाली नगर क्षेत्र में साधु की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर ही खुलासा कर नेपाल के आरोपी दीपक थापा (43) को गिरफ्तार कर लिया है। हमलावर ने बाबा के सिर पर डंडे और पत्थर से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। मंगलवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के रोड़ीबेलवाला स्थित दीनदयाल पार्किंग के पास बाबा पर हमले की सूचना मिली थी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो वहां करीब 40 से 45 वर्षीय अज्ञात बाबा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उनके सिर और माथे पर गहरी चोटें थीं। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विक्रम भुल्लर के निर्देश पर मामले की जांच तेज करते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए। डिजिटल व मैनुअल जांच के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग से संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में दीपक थापा ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि सोने को लेकर हुए पुराने विवाद के चलते उसने नशे की हालत में पहले डंडे और फिर पत्थर से वार कर साधु की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।