Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा: धूमधाम से मनाई गई गाँधी व शास्त्री जयंती

Spread the love



अल्मोड़ा।

जिला कार्यालय अल्मोड़ा समेत जनपदभर में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूम धाम से मनाई गई। इस दौरान कलेक्ट्रेट एवं विकासभवन सहित सभी कार्यालयों में समस्त स्टाफ द्वारा दोनों महान विभूतियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी विनीत तोमर ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा वक्ताओं ने अपने अपने विचार रखे तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के देश में किए गए योगदान को याद किया गया। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके विचारों एवं आदर्शों का पालन करते हुए उनके मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही उनको सच्ची एवं अच्छी श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं तत्कालीन परिस्थितियों में बहुत अंतर है, तथा उन विषम परिस्थितियों का सामने करते हुए गांधी जी एवं शास्त्री जी ने देशहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हमें भी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का पालन करते हुए देश हित में कार्य करने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने समस्त जनपदवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात भजन कीर्तन कर बापू के प्रिय भजनों को सामूहिक रूप से गाया गया। उपजिलाधिकारी सदर जयवर्धन शर्मा ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पूर्व महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नंदा देवी मंदिर परिसर से लेकर मुख्य बाजार से होते हुए चौघानपाटा तक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिसमे गणमान्य व्यक्तियों, जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों से आए छात्र /छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने देशभक्ति गीतों, नारों एवं गाजे बाजे के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया। प्रभात फेरी का समापन चौघानपाटा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी,  समेत अन्य अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।