Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बिग बॉस-17 में नजर आएगा डोईवाला का अनुराग

Spread the love

ऋषिकेश(आरएनएस)। डोईवाला के अनुराग डोभाल कलर टीवी पर प्रसारित होने वाले बिग बॉस के 17वें एपिसोड में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के साथ नजर आएंगे। अनुराग बाबू भैया के नाम से जाने जाते हैं। बिग बॉस के 17वें एपिसोड में इस बार उत्तराखंड का युवा बाबू भैया भी दिखाई देगा। बाबू भैया का वास्तविक नाम अनुराग डोभाल है। जो एक मोटो-ब्लॉगर है। अनुराग डोभाल ने मोटो ब्लॉगिंग के क्षेत्र में अपना करिअर वर्ष 2018 में प्रारंभ किया था। अनुराग डोभाल के यूट्यूब चैनल द यू-के-07 राइडर में 71 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम में 51 लाख से अधिक फॉलोअर हैं। उनके पिता जेपी डोभाल ने बताया कि कलर टीवी पर प्रसारित होने वाले प्रसिद्ध रियलिटी शो बिग बॉस से अनुराग डोभाल को काफी समय पहले ऑफर आया था, जिस पर अनुराग काफी समय से तैयारी कर रहे थे। अनुराग डोभाल ने बॉलीवुड स्टार अभिनेता सलमान खान के साथ 15 अक्तूबर को बिग बॉस के शो में एंट्री ली है। अनुराग डोभाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नैनबाग टिहरी गढ़वाल, उसके बाद दूधली के स्कूल डीडीएचए व श्री गुरु राम राय स्कूल भनियावाला से प्राप्त की है। डीएवी देहरादून से स्नातक करने के बाद अनुराग डोभाल ने 31 दिसंबर, वर्ष 2017 को अपना मोटो ब्लॉगिंग के क्षेत्र में अपना करिअर केटीएम बाइक से प्रारंभ किया था। अनुराग डोभाल का निवास डोईवाला के अठूरवाला भानियावाला में है। उनकी माता चंद्रकला डोभाल ग्रहणी हैं और पिता जेपी डोभाल सरकारी स्कूल में गणित विषय के अध्यापक हैं। उनका छोटा भाई अतुल डोभाल गायक है। अनुराग डोभाल के बिग बॉस में जाने की खबर से उनके प्रशंसक काफी खुश है और उनको बिग बॉस में देखने का इंतजार कर रहे है।