Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा: धूमधाम से मनाया गया 78वा स्वतंत्रता दिवस

Spread the love


अल्मोड़ा। देश का 78 वा स्वतंत्रता दिवस जनपद में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जनपद भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए एवं देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों को कुर्बान करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। जनपद में मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ। यहां कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार रेखा आर्य ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर झंडा रोहण किया तथा राष्ट्रगान सामूहिक रूप से गाया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जनपद एवं प्रदेश वासियों को 78वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि भारत हमेशा उन शहीदों का कर्जदार रहेगा, जिनके बलिदान से, जिनके आंदोलन से एवं जिनकी क्रांतियों से आज हम एक स्वतंत्र देश में जी रहे हैं। उन्होंने सभी राष्ट्रनिर्माताओं एवं क्रांतिकारियों को नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने भी जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा कहा कि हमें अपनी स्वतंत्रता को सही मायनों में समझकर अपने देश के लिए अपना अपना योगदान जरूर देना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, उपजिलाधिकारी सदर जयवर्धन शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश बहुगुणा, राज्य आंदोलनकारी जमान सिंह बिष्ट समेत अन्य ने भी अपने अपने विचार रखे तथा स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को नमन किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों एवं राज्य आंदोलनकारियों को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या एवं जिलाधिकारी विनीत तोमर द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ही लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण की अपील की। इससे पूर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार प्रातः नंदादेवी प्रांगण से मुख्य बाजार होते हुए प्रभात फेरी एवं तिरंगा यात्रा का भी आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। भारत माता की जय, वंदे मातरम्, 15 अगस्त अमर रहे आदि नारों की गूंज के साथ प्रभात फेरी चौघानपाटा तक आयोजित हुई एवं गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।