Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जिलाधिकारी ने किया बेस अस्पताल और सर्किट हाउस का निरीक्षण

Spread the love


अल्मोड़ा। जिलाधिकारी ने मंगलवार को बेस अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने पंजीकरण कक्ष, आपातकालीन सेवाएं, वार्ड, ओपीडी, साफ सफाई आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की दीवारों पर थूक आदि के कारण गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर कर चिकित्सा अधीक्षक को कड़े निर्देश दिए कि गंदगी फैलाने वालों के साथ सख्ती से पेश आए। उन्होंने कहा कि गंदगी फैलाने वालों पर अर्थदंड लगाएं एवं कानूनी कार्रवाई भी करें। उन्होंने कहा कि अस्पताल की संपति के प्रति अपनापन रखें। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के संचालन के तहत विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बेस अस्पताल में पानी के टैंक के पास क्षतिग्रस्त दीवार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस संबंध में कार्यदाई संस्था को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ अशोक कुमार, एसडीएम सदर जयवर्धन शर्मा समेत अन्य उपस्थित रहे। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने सर्किट हाउस अल्मोड़ा में चल रहे मरम्मत के कार्यों का भी निरीक्षण किया। कार्यों में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की तथा कड़े निर्देश दिए कि एक माह में सर्किट हाउस के सभी कार्य पूर्ण हो जाएं एवं सर्किट हाउस संचालन की स्थिति में हो। उन्होंने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं होना चाहिए वरना कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि लेबर की संख्या बढ़ाई जाए तथा जल्द से जल्द सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस परिसर के आस पास खड़ी झाड़ियों एवं पर्याप्त साफ सफाई न होने पर वहां केयर टेकर एवं कार्यरत स्टाफ को फटकार लगाई तथा कहा कि सभी झाड़ियों को हटाएं एवं पर्याप्त साफ सफाई रखे। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जयवर्धन शर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड विभोर गुप्ता समेत अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *