Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अजय टम्टा से भेंट कर क्वारब भूस्खलन का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग

Spread the love


अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब में भूस्खलन से सड़क के बार बार बाधित होने से व्यापारियों व आम जनता को हो रही परेशानियों के संबंध में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के शिष्ट मंडल ने गुरुवार को केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा से भेंट कर अवगत कराते हुए जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने कहा कि विगत दो माह से अल्मोड़ा-नैनीताल हाईवे स्थित क्वारब में लगातार पहाड़ी से सड़क मार्ग में भूस्खलन का सबसे बड़ा दंश अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ जिलों की पर्वतीय क्षेत्र की जनता सहित प्रतिदिन हजारों यात्रियों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट व्यापारियों, टैक्सी-बस-ट्रक एवं अन्य निजी वाहन के संचालकों को झेलना पड़ रहा है। विगत कई माह से एनएच विभाग सहित जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी भी इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं ढूँढ पाए हैं। जिससे आये दिन पर्वतीय क्षेत्र की जनता व व्यापारियों को उक्त स्थान में जान जोखिम में डालकर अपने कार्य को बड़ी परेशानियों के साथ करना पड़ रहा हैं। व्यापारियों ने कहा कि दीपावली का त्योहार निकट है तथा भूस्खलन के कारण आम जनता से लेकर व्यापारी वर्ग सहित ट्रक, बस, टैक्सी सहित ट्रान्सपोर्ट व्यवसायियों को सड़क मार्ग में भूस्खलन से अतिरिक्त आर्थिक व्यय करना पड़ रहा है। जिसका सीधा असर आम जनता एवं व्यापारियों की जेब पर पड़ रहा है। देवभूमि उद्योग व्यापार मण्डल अल्मोड़ा ने केंद्रीय राज्य मंत्री से निवेदन किया कि व्यापारियों एवं आम जनमानस की परेशानियों को देखते हुए जल्द-से-जल्द क्वारब राज्य सड़क मार्ग को पूर्ण रूप से ठीक कराने के लिए एक विशेषज्ञों की टीम गठित कर यथाशीघ्र खोलने का आदेश जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को आदेशित करें। ज्ञापन देने वालों में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, मदन रावत, राजेंद्र तिवारी, सुमित टम्टा, मनु गुप्ता, अतुल वर्मा आदि व्यापारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *