Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जल निगम मुख्यालय पर पेंशनर्स का आंदोलन शुरू

देहरादून(आरएनएस)। जल निगम पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान को जल निगम सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार से निगम मुख्यालय पर आंदोलन शुरू कर दिया है। एसोसिाएशन के संयोजक दिनेश भंडारी 48 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। भूख हड़ताल पर बैठे संयोजक दिनेश भंडारी ने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। जो आश्वासन दिए जा रहे हैं, उन पर कोई अमल नहीं किया जा रहा है। अभी तक एक जनवरी 2016 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को संशोधित पेंशन का लाभ नहीं दिया जा रहा है। आश्वासन के बावजूद पेंशन का भुगतान ट्रेजरी से नहीं किया जा रहा है। हर महीने समय पर पेंशन भुगतान नहीं हो रहा है।  कहा कि उत्तराखंड गठन के बाद यूपी के साथ कर्मचारियों का आवंटन हो चुका है। इसके बावजूद अभी तक कई पेंशनर्स को यूपी का ही कर्मचारी माना जा रहा है। इन्हें उत्तराखंड का ही पेंशनर्स मानते हुए सभी लाभ सुनिश्चित किए जाएं। मंडलीय लेखाकारों का वेतनमान उच्चीकृत किया जाए। पेंशनर्स के सभी बकाया का भुगतान किया जाए। मांगों का निस्तारण न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान विरोध जताने वालों में एमएस रावत, पीके गोयल, एसपी खेड़वाल, आरपी त्यागी, एसएन शर्मा, अनिल कुमार, टीएल वर्मा, वीके शर्मा मौजूद रहे।