विकासनगर(आरएनएस)। काम के बाद घर लौट रहे पति-पत्नी की कुछ युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के एकत्रित होने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। फिलहाल पीड़ितों ने अभी थाने में तहरीर नहीं दी है। थानाध्यक्ष सेलाकुई शैंकी कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक सत्यपाल और उनकी पत्नी असमन निवासी आगरा सिडकुल स्थित एक फार्मास्यूटिकल कंपनी में काम करते हैं। सोमवार को वह छुट्टी के बाद करीब साढ़े सात बजे घर लौट रहे थे। कंपनी के पास ही बाइक सवार सात-आठ युवकों ने दोनों पर अचानक हमला कर दिया। कंपनी के अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों के वहां एकत्रित होने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। हमले में सत्यपाल को काफी चोटें आई है। उनका इलाज प्रेमनगर अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष सेलाकुई शैंकी कुमार ने बताया कि सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी। लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
काम से घर लौट रहे पति-पत्नी को युवकों ने पीटा




