Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सल्ट विधायक महेश जीना की तबीयत बिगड़ी, एयर एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर

1001600623

अल्मोड़ा। सल्ट विधायक महेश जीना की तबीयत अचानक बिगड़ जाने के बाद उन्हें मंगलवार सुबह एयर एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। जैसे ही उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली, नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण से चिकित्सकों की टीम तुरंत उनके आवास पहुंची और प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण ले जाया गया, जहां डॉक्टर अमजद खान और उनकी टीम ने इलाज किया। बताया गया कि विधायक जीना का पल्स रेट और शुगर लेवल बढ़ गया था, साथ ही पेट की समस्या भी उत्पन्न हो गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोविंद सिंह माहरा चिकित्सालय रानीखेत से डॉक्टर मोनिका शिवाली और उनकी टीम भी भिकियासैंण पहुंची और उपचार में सहयोग किया। देहरादून स्थित शासन को जैसे ही विधायक की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली, सुबह 10:30 बजे एयर एम्बुलेंस भेजी गई। हेलीपैड की सुविधा न होने के चलते उपजिलाधिकारी भिकियासैंण सीमा विश्वकर्मा ने राजस्व और पुलिस टीम के साथ रामगंगा नदी के किनारे वैकल्पिक हेलीपैड निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया। एयर एम्बुलेंस के भिकियासैंण पहुंचते ही विधायक जीना को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लाया गया और उन्हें एयर एम्बुलेंस में शिफ्ट किया गया। लगभग 11 बजे उन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना कर दिया गया।