Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा पुलिस ने लगभग 37 किलो अवैध गांजे के साथ छह तस्करों को किया गिरफ्तार

Spread the love


अल्मोड़ा। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। सोमवार रात देघाट और भतरौजखान क्षेत्रों में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया और लगभग 37 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत 9.16 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में देघाट और भतरौजखान थानों की पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की। देघाट में पुलिस ने सुरमोली तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक टाटा नेक्सॉन कार संख्या डीएल 14 सीजे 1385 से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। कार की तलाशी लेने पर उसमें तीन बोरियों में कुल 29.986 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्करों की पहचान कमल सिंह, दीपक कुमार और हिमांशु रावत उर्फ मकाऊ के रूप में हुई है। हिमांशु हाल ही में मार्च 2025 में जेल से छूटा था और उस पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम और हत्या का प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। कमल सिंह वर्तमान में बीएससी नर्सिंग का छात्र है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा सराईखेत से लाकर रामनगर में बेचने की फिराक में थे।
वहीं, दूसरी कार्रवाई भतरौजखान पुलिस ने बासोट-भिकियासैंण रोड पर चेकिंग के दौरान की। यहां एक इंडिका कार यूपी 62 एई 6599 से तीन अन्य तस्करों रिजवान कुरैशी, मोहम्मद अबुजर और मोहम्मद परवेज को गिरफ्तार किया गया। इनसे कुल 6.71 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.68 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी कारों को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस की टीम अब इन मामलों से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जिले में किसी भी हाल में नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *