Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

लघु व्यापारियों के लिए अलग से वेंडिंग जोन की मांग

हरिद्वार(आरएनएस)।  कांवड़ मेला क्षेत्र में रेड़ी-पटरी लगाने वाले लघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित करने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगर निगम फेरी समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांवड़ मेले के दौरान विभिन्न स्थानों दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग, पंतदीप पार्किंग, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हरकी पैड़ी, भीमगोडा मार्ग और विष्णुघाट पर नगर निगम द्वारा लाइसेंस प्राप्त लघु व्यापारियों के लिए अलग से वेंडिंग जोन चिन्हित करने की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति एवं नियमावली के तहत नगर निगम प्रशासन पहले ही नगर क्षेत्र में 15 वेंडिंग जोन चिन्हित कर चुका है। उन्होंने मांग की कि कांवड़ मेले के दौरान इन चिन्हित वेंडिंग जोनों में साइन बोर्ड लगाकर स्थानीय पंजीकृत रेड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यापार की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें राज्य सरकार के संरक्षण में स्वरोजगार का अवसर मिल सके। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से राजकुमार, कमल सिंह, मोनू तोमर, सुमन गुप्ता, आशा देवी, तस्लीम अहमद, सुनील कुकरेती, फूल सिंह, अनुज त्रिवेदी, अजय कुमार, नीरज, किशोर, सतीश कुमार, मंजू देवी, पूनम माखन, सावित्री, सुमित्रा देवी, उषा देवी, बसंती, सुनीता सिंह और अंजू देवी शामिल रहे।