Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाइयों ने क्वारब मुद्दे को लेकर जताई नाराजगी

Spread the love


अल्मोड़ा। क्वारब मार्ग की समस्या के स्थायी समाधान और सभी प्रकार के वाहनों के लिए इसे खोलने की मांग को लेकर नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा और ट्रांसपोर्ट यूनियन की संयुक्त बैठक दीप चंद्र सभागार, व्यापार मंडल भवन में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए और सभी ने क्वारब मार्ग की वर्तमान स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना था कि एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी क्वारब मार्ग की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। चार महीने पहले बनाई गई दीवार भी घटिया निर्माण के कारण दरारों से जर्जर हो चुकी है। मार्ग को कभी छोटे वाहनों के लिए खोल दिया जाता है तो कभी भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया जाता है, जिससे जिले के परिवहन और पर्यटन कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अब और परेशानियां सहन नहीं की जाएंगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 सितंबर से नगर के प्रमुख स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यदि इस बीच क्वारब मार्ग सभी वाहनों के लिए चौबीसों घंटे नहीं खोला गया, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इसके तहत 15 सितंबर को मशाल जुलूस निकाला जाएगा और उसके बाद अनिश्चितकालीन बाजार बंद की रणनीति अपनाई जाएगी। इसमें अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपद की ग्रामीण इकाइयों को भी शामिल किया जाएगा। बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अरोड़ा, जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, नगर सचिव वकुल साह, सहसचिव आशीष भारती, जिला उपाध्यक्ष विजय भट्ट, संरक्षक जगमोहन अग्रवाल, पूरन अधिकारी, प्रकाश बिष्ट सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। ट्रांसपोर्ट यूनियन से हरीश मिश्रा, कार्तिक साह, प्रीतेश पांडे, राहुल वोहरा, बिलाल खान आदि बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *