Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ऐतिहासिक पटाल बाजार के सौंदर्यीकरण के सम्बन्ध में बैठक आयोजित

Spread the love


अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के ऐतिहासिक पटाल बाजार के सौंदर्यीकरण को लेकर होने वाले कार्यों के संबंध में बुधवार को एक बैठक जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में हुई। इस बैठक में बाजार के सौंदर्यीकरण तथा बिजली के तारों एवं पानी के पाइपों को अंडरग्राउंड करने के लिए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कहा कि सौंदर्यीकरण के कार्यों से पूर्व बाजार के सभी हितधारकों, व्यापारियों एवं नगर निगम के साथ संयुक्त रूप से बैठक की जाए तथा सभी कार्यों को लेकर बाजार के हितधारकों एवं व्यापारियों के साथ वार्ता की जाए, जिससे हितधारकों में किसी भी आशंका की गुंजाइश न रहे। जिलाधिकारी ने बिजली एवं पानी सप्लाई से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अपने कार्यों की रूपरेखा जल्द से जल्द तैयार कर लें। उन्होंने कंसल्टेंट कंपनी के अधिकारियों को कहा कि पूरे बाजार का भ्रमण करें तथा देखें कि बाजार के सौंदर्यीकरण को लेकर क्या क्या संभावनाएं हैं। साथ ही कहा कि बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए डिजाइन एवं सामग्री सभी उच्च गुणवत्ता की ही होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जल निकासी की उपयुक्त व्यवस्था बनाई जाए। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश सिंह खत्री ने पटाल बाजार के सौंदर्यीकरण को लेकर अब तक हुई कार्यवाहियों का ब्यौरा बैठक में जिलाधिकारी के सम्मुख रखा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधितों के साथ समन्वय बनाते हुए कार्यों को गतिशील बनाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान नीरज तिवारी, यूपीसीएल कन्हैया जी मिश्रा, तहसीलदार ज्योति धपवाल, क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी चंद्र सिंह चौहान समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *