Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा में 3 नवम्बर से वन-वे व्यवस्था के समय में बदलाव

Spread the love


अल्मोड़ा। शीतकालीन मौसम को देखते हुए अल्मोड़ा ट्रैफिक पुलिस ने नगर क्षेत्र की वन-वे व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया है। यह नई व्यवस्था 3 नवम्बर से प्रभावी होगी। निर्धारित मार्गों पर अब वाहनों की आवाजाही तय समयानुसार सीमित रहेगी ताकि शहर में यातायात सुचारू और सुरक्षित बना रहे। पुलिस के अनुसार, माल रोड पर अब प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान किसी भी चौपहिया वाहन को लक्ष्मेश्वर की ओर से शिखर की दिशा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह एल.आर. शाह रोड पर शिखर से एन.टी.डी. की ओर चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यहां वन-वे व्यवस्था सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लागू की जाएगी। लिंक रोड पर टैक्सी स्टैंड तिराहे से चौघानपाटा और करबला की दिशा में चौपहिया वाहनों का प्रवेश भी निषिद्ध रहेगा। इस मार्ग पर वन-वे व्यवस्था सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी होगी। इसके अतिरिक्त लक्ष्मेश्वर तिराहे से शिखर की दिशा में भी चौपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जहां वही समय सीमा लागू रहेगी। हालांकि, रविवार के दिन माल रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू नहीं रहेगी और वाहन सामान्य रूप से आवागमन कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग दें।