Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महंगे शौक पूरे करने को सचिवालय समीक्षा अधिकारी का पर्स लूटा, दो गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। चकराता रोड से गोविंदगढ़ जाने वाली रोड पर सचिवालय की समीक्षा अधिकारी का पर्स लूटकर भागे दो आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। दोनों अपने महंगे शौक पूरे करने और आसानी से रुपये कमाने के लालच में इस घटना को अंजाम दिया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। राधा अग्रवाल सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। बीते बुधवार शाम वह घर जा रही थीं। देर शाम करीब सात बजे घंटाघर से विक्रम में सवार होकर चकराता पर बिंदाल पुल से आगे गोविंद गढ़ जाने वाली रोड के कट पर उतरीं। वहां से गोविंदगढ़ की ओर पैदल जा रही थीं। तभी आयुष्मान डेंटल क्लीनिक के पास पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों में से पीछे बैठे युवक ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया। इसके बाद दोनों तेजी से बाइक से गोविंदगढ़ की ओर भाग गए। पर्स में दो मोबाइल फोन, दो डायमंड ईयर रिंग, एक चांदी की घड़ी, आधार कार्ड, सचिवालय प्रदेश पत्र समेत अन्य दस्तावेज और नगदी थी। पुलिस ने गुरुवार को उनकी शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। खुलासे में एसओजी टीम को लगाया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि रविवार को युमान कॉलोनी क्लब के पास पार्क से अनंत रावत उम्र 19 वर्ष मूल निवासी बड़कोट उपराडी, उत्तरकाशी हाल कर्मचारी कबीर डेयरी, मच्छी बाजार देहरादून और फैजल उम्र 19 वर्ष निवासी मुस्लिम बस्ती, लक्खीबाग, मूल निवासी चमारो की पुलिया के पास, मुरादाबाद, यूपी को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अनंत डेयरी में काम करता है और फैजल फेरी लगाता है। दोनों ने महंगे शौकों को पूरा करने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस घटना को अंजाम दिया।