Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

हवालबाग प्रधान संगठन में देवेंद्र सिंह नयाल अध्यक्ष व विनोद जोशी बने महामंत्री



अल्मोड़ा। विकासखंड हवालबाग के सभागार में मंगलवार को नवनियुक्त प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के साथ ही प्रधान संगठन विकासखंड हवालबाग की कार्यकारिणी के लिए प्रतिनिधियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। बैठक में वातावरण लोकतांत्रिक उत्साह और आपसी सद्भाव से भरा रहा। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में देवेंद्र सिंह नयाल को संगठन का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने कार्यकारिणी का विस्तार किया और ग्राम प्रधान अथरबनी विनोद जोशी को महामंत्री मनोनीत किया। इसके साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कसून ग्राम प्रधान सुंदर मटियानी, उपाध्यक्ष पद पर बड़गल भट्ट प्रधान नवीन भट्ट, महिला उपाध्यक्ष पद पर शैल ग्राम प्रधान चंद्रिका तिवारी और मंत्री पद पर स्यूरा प्रधान प्रमोद चंद्र जोशी को दायित्व सौंपा गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ग्राम प्रधान संगठन की मजबूती, ग्राम पंचायतों के अधिकारों की रक्षा और विकास कार्यों में समन्वय बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बजट के पारदर्शी उपयोग और सरकारी योजनाओं को गांवों तक पहुँचाने के लिए संगठन सामूहिक रूप से प्रयास करेगा। निर्वाचन के अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख हिमानी कुंडू ने सभी नवनियुक्त प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि संगठन ग्राम पंचायतों की समस्याओं और जरूरतों को प्राथमिकता के साथ प्रशासन तक पहुँचाएगा।  कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधानों ने आपसी समन्वय बनाए रखने, सामुदायिक हितों को प्राथमिकता देने और विकास कार्यों को पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई। सभा में यह भी तय किया गया कि संगठन गांवों से जुड़े मुद्दों पर एक स्वर में प्रशासन के सामने बात रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष भी करेगा। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भरत भूषण कुंडू, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि भूपेंद्र भोज, गिरीश चंद्र तिवारी, प्रदीप पालनी और दिनेश चंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।