Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पेंशन के पैसे नहीं देने पर पत्नी और बेटियों ने बुजुर्ग से की मारपीट

Spread the love

देहरादून। क्लेमनटाउन क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति से मारपीट और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर उसकी पत्नी और दो बेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार टर्नर रोड क्षेत्र निवासी 69 वर्षीय सेवानिवृत्त इंजीनियर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी और बेटियां उनसे पेंशन के पैसे को लेकर विवाद करती रही हैं। आरोप है कि 31 मार्च को पैसों की मांग पूरी न होने पर तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया गया।

पीड़ित के अनुसार तबीयत बिगड़ने पर शोर मचाने पर उन्हें बाहर निकालकर एक कमरे में बंद कर दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। किसी तरह उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार घटना के दौरान घर में तोड़फोड़ और पुलिस के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में पत्नी और दोनों बेटियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।