Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

आउटसोर्स और अस्थायी कर्मचारियों का वेतन संशोधित दरों के अनुसार देने की मांग

Spread the love

अल्मोड़ा। नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स, अस्थायी कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों को संशोधित दरों के अनुसार वेतन दिए जाने की मांग को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने सोमवार को महापौर को ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पंवार ने ज्ञापन में कहा कि भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से 30 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत कामगारों के मूल्य सूचकांक में संशोधन किया गया है। इसके तहत वेतन दरों में बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर निगम देहरादून में 29 अप्रैल को हुई बोर्ड बैठक में अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी को लेकर प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। संघ ने मांग की है कि नगर निगम अल्मोड़ा में भी देहरादून की तर्ज पर आउटसोर्स और अस्थायी कर्मचारियों सहित पर्यावरण मित्रों का वेतन बढ़ाकर 827 रुपये प्रतिदिन किया जाए। इसके लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाने की मांग की गई है। राजपाल पंवार ने कहा कि वेतन बढ़ोतरी से कर्मचारियों को महंगाई के दौर में राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।