Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

गाड़ी छोड़कर पैदल चले न्यायिक अधिकारी, ईंधन संरक्षण का दिया संदेश

Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के मार्गदर्शन में सोमवार को ‘सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन’ राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने सार्वजनिक परिवहन और पैदल यात्रा कर लोगों को ईंधन संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रभारी अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मो. याकूब, परिवार न्यायाधीश अंजुश्री जुयाल, प्रभारी सचिव एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन आफिया मतीन, न्यायिक मजिस्ट्रेट नवल सिंह बिष्ट और सिविल जज जूनियर डिवीजन उदिशा सहित जिला न्यायालय परिसर के अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता, एलएडीसीएस, रिटेनर अधिवक्ता और फ्रंट ऑफिस अधिकार मित्र शामिल रहे।

अभियान के तहत सभी प्रतिभागी अपने-अपने आवास से सार्वजनिक परिवहन अथवा पैदल न्यायालय परिसर पहुंचे। इस दौरान प्रभारी अध्यक्ष मो. याकूब ने कहा कि 15 मई से एक माह तक प्रत्येक सोमवार और शनिवार को कार्यालयों एवं अदालतों तक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ईंधन संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।