Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

खंडूरी के निधन पर भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग स्थगित, कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मंगलवार को होटल जलाल पैलेस में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महिला मोर्चा की ओर से तिलक और पारंपरिक छोलिया वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के पहले सत्र में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में भाजपा के इतिहास, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा सुशासन से जुड़े विषयों को चित्रों और जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वरिष्ठ नेताओं के प्रेरक विचार भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहे। कार्यक्रम में वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट ने प्रशिक्षण वर्ग के अनुशासन और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। वहीं पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने प्रशिक्षण गीत प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट ने इसे कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास का मंच बताया। मुख्य वक्ता कुंदन परिहार ने ‘वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा का विस्तार कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों के संघर्ष और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सकारात्मक उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन का समाचार मिलने पर प्रशिक्षण वर्ग को शोक स्वरूप स्थगित कर दिया गया। पूर्व सांसद बलराज पासी ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए खंडूरी के योगदान को याद किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैंडा, मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, रवि रोतेला, विनीत बिष्ट, ललित लटवाल, मनीष जोशी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।