Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पत्नी की आत्महत्या में फरार 10 हजार का इनामी बिहार से गिरफ्तार

देहरादून(आरएनएस)। दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दून पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार से ट्रांजिट रिमांड पर दून लाया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि रेस्ट कैंप, मद्रासी कॉलोनी के रहने वाले दिलीप ने 19 जनवरी 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी में केस दर्ज कराया। आरोप लगाया था कि उनकी बहन पूजा का पति बिरजू दहेज की मांग को लेकर उसके साथ अक्सर मारपीट और उत्पीड़न करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर पूजा ने नौ दिसंबर 2025 को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जिसकी जांच सीओ सिटी स्वपनिल मुयाल कर रहे थे। घटना के बाद से ही आरोपी बिरजू गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी के हत्थे न चढ़ने पर एसएसपी देहरादून ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद फव्वारा चौक चौकी प्रभारी एसआई धनीराम पुरोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची। 17 मई को इनामी आरोपी बिरजू को उसके पैतृक गांव अमाही, थाना बरौल, जिला दरभंगा, बिहार से धर दबोचा। पुलिस आरोपी को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर देहरादून पहुंच चुकी है। यहां उसे स्थानीय कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।