Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

राज्यपाल से मिले एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति, दीक्षांत समारोह और नए पाठ्यक्रमों की दी जानकारी

Spread the love

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने बुधवार को लोकभवन में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी दी। कुलपति प्रो. बिष्ट ने विश्वविद्यालय के प्रस्तावित प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की। इसके साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्रों में शुरू किए जाने वाले रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की रूपरेखा से भी कुलाधिपति को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में बीएससी और एमएससी फॉरेंसिक साइंस, पीजी डिप्लोमा एवं एमएससी साइबर सिक्योरिटी, प्रोफेशनल डिप्लोमा इन क्लिनिकल साइकोलॉजी, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन क्रिमिनोलॉजी एंड फॉरेंसिक साइंस, बीए ऑनर्स टूरिज्म, एमबीए टूरिज्म, स्वामी विवेकानंद दर्शन, योग एवं मेडिटेशन, पर्सनैलिटी एंड स्किल डेवलपमेंट, फोटोग्राफी तथा सिनेमैटोग्राफी से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित करने की तैयारी की जा रही है। बैठक के दौरान विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, विभिन्न संस्थानों के साथ हुए एमओयू, शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया और संस्थागत विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल एवं कुलाधिपति गुरमीत सिंह ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कुलपति प्रो. बिष्ट को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वविद्यालय के चित्रकला विभाग के विद्यार्थियों के कार्यों की भी प्रशंसा की। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह के अवसर पर महामहिम के निर्देशों पर आधारित पुस्तक ‘पत्रकारिता : संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।