Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

आध्यात्मिक मूल्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है मीडिया: बीके नीलम

Spread the love

अल्मोड़ा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग सेवा केंद्र, खजांची मोहल्ला में ‘आध्यात्मिकता द्वारा मूल्यनिष्ठ मीडिया’ विषय पर मीडिया स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लेकर मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता की आवश्यकता पर विचार साझा किए। मुख्य वक्ता बीके नीलम ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की दिशा और दशा तय करने वाली प्रभावशाली शक्ति है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारिता आध्यात्मिक मूल्यों, नैतिकता, सत्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनाओं के साथ की जाए तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन, नैतिक जागरूकता और शांति का वातावरण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। ब्रह्माकुमारीज मीडिया विंग दिल्ली-एनसीआर के मीडिया कोऑर्डिनेटर बीके गणेश जोशी ने कहा कि तेज़ी से बदलते सूचना युग में मीडिया की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता, सत्य, संवेदनशीलता और मानवता के मूल्यों पर आधारित पत्रकारिता समाज में विश्वास और सकारात्मक सोच का संचार करती है। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया तथा समाज निर्माण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कंचन तिवारी, मनदीप सिंह, शिवेंद्र गोस्वामी, अशोक पांडे, जगमोहन बिष्ट, सुरेश चंद्र तिवारी, हर्षवर्धन पांडे सहित अनेक मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। ब्रह्माकुमारी परिवार से डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, रजनी पंत, अजय तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमेंद्र जोशी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *