Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जसपाल राणा के नाम पर हो त्रिशूल शूटिंग रेंज और खेल पुरस्कार: भारत चौहान

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)। निशानेबाज जसपाल राणा के निधन के बाद उनकी स्मृति को अमर करने की मांग तेज हो गई है। विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री भारत चौहान ने मांग की है कि देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में संचालित त्रिशूल शूटिंग रेंज का नाम जसपाल राणा के नाम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने उत्तराखंड को शूटिंग के खेल से न सिर्फ परिचित करवाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिमान स्थापित कर प्रदेश और देश का नाम विश्व में रोशन किया। 18 साल की उम्र में एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने से लेकर द्रोणाचार्य पुरस्कार तक का उनका सफर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने मनु भाकर, सौरभ चौधरी जैसे ओलंपिक पदक विजेता तैयार कर यह साबित किया कि पहाड़ के युवा दुनिया में तिरंगा लहरा सकते हैं। उन्होंने कहा कि त्रिशूल शूटिंग रेंज वही स्थल है जहां राष्ट्रीय खेल के दौरान शूटिंग प्रतियोगिता हुई थी। ऐसे में इस रेंज का नाम उनके नाम पर रखना एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखेंगे। उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार द्वारा दिए जाने वाले किसी बड़े पुरस्कार का नाम भी जसपाल राणा के नाम पर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा का नाम सिर्फ एक स्मारक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल गौरव का प्रतीक है जिसे सम्मान मिलना ही चाहिए।