Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कंपनी में निवेश कर मुनाफे का झांसा दे महिला से 20 लाख ठगे

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। कंपनी में पैसा लगाकर हर महीने मोटा मुनाफा देने और दो साल में मूल रकम वापस करने का झांसा देकर एक महिला से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामले में राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी दंपति और उनके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिमा एंक्लेव, प्रेमनगर निवासी शीला चौहान पत्नी गम्भीर सिंह चौहान ने पुलिस में शिकायत की। बताया कि उनकी जौनसार बावर क्षेत्र के परिचित होने के कारण पनाष वैली, सहस्रधारा रोड निवासी डॉ. दीपिका जोशी और उनके पति विवेक जोशी से जान-पहचान थी।आरोप है कि वर्ष 2019 में दीपिका ने पीड़िता से यह कहते हुए 20 लाख रुपये मांगे कि वह एलाईट निधि स्प्रिटस एंड बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड में डायरेक्टर है और उसे पैसों की आवश्यकता है। दीपिका ने वादा किया था कि इस रकम को कंपनी में लगाकर प्रतिमाह मुनाफा दिया जाएगा और दो साल बाद मूल रकम लौटा दी जाएगी। पहले तो पीड़िता के पति ने पैसे देने से मना कर दिया था, लेकिन कुछ दिन बाद दीपिका और विवेक उनके घर पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विवेक एनटीपीसी में कार्यरत हैं और उनका पैसा हर हाल में सुरक्षित रहेगा। आरोपियों की बातों में आकर पीड़िता ने उन्हें 20 लाख रुपये दे दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने संपर्क कम कर दिया और पैसे मांगने पर दो साल का समय कहकर टालमटोल करते रहे। वर्ष 2021 में पीड़िता शीला चौहान गंभीर रूप से बीमार हो गईं। उन्हें इलाज के लिए लगातार दिल्ली और मुंबई जाना पड़ा। इलाज में भारी खर्च होने पर जब उन्होंने अपने 20 लाख रुपये वापस मांगे तो दीपिका ने अपने पार्टनर नवनीत कुमार शर्मा से पैसे मिलने का बहाना बनाकर मार्च 2024 और फिर नवंबर 2024 तक का समय मांग लिया। काफी टालमटोल के बाद नवंबर 2025 में जब पीड़िता के पति ने विवेक जोशी से फोन पर बात की तो आरोपियों ने उन्हें नौ नवंबर 2025 को पैसे ले जाने के लिए पनाष वैली स्थित अपने घर बुलाया। पीड़िता अपनी एक परिचित रुचि चौहान के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि घर के मुख्य गेट पर विवेक के भाई विनय जोशी ने उनके साथ अभद्रता की और दोबारा उस इलाके में न दिखने की धमकी दी। जब पीड़िता ने दीपिका से बात करनी चाही तो वह भी जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। पीड़िता को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि डॉ. दीपिका जोशी, उनके पति विवेक जोशी और विनय जोशी के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।