अल्मोड़ा। उत्तराखंड युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) कुंदन लटवाल ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और विभागों के समक्ष आ रही चुनौतियों की जानकारी ली। बैठक को संबोधित करते हुए कुंदन लटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, उनकी प्रतिभा को उचित मंच दिलाने तथा रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है और अधिकारियों को भी इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए विभागीय चुनौतियों और आवश्यकताओं से अवगत कराया। कुंदन लटवाल ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण एन. तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. कांडपाल सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की करी समीक्षा







