अल्मोड़ा। नगर निगम के वार्ड संख्या-2 सैलाखोला की पार्षद वंदना वर्मा ने भाजपा संगठन में मिले जिला निकाय प्रकोष्ठ के सहसंयोजक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजते हुए पार्टी में लगातार उपेक्षा और अपमान का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने पार्षद पद से इस्तीफा नहीं दिया है। जिलाध्यक्ष को भेजे पत्र में वंदना वर्मा ने कहा कि वह वार्डवासियों के सहयोग से निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुई थीं और पार्टी ने उन्हें जिला निकाय प्रकोष्ठ में सहसंयोजक का दायित्व सौंपा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया, लेकिन संगठन के कुछ लोगों के व्यवहार से उन्हें लगातार उपेक्षा और अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में संबंधित लोगों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे आहत होकर उन्होंने अपने स्वाभिमान को सर्वोपरि रखते हुए पार्टी के संगठनात्मक पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। स्वतंत्रता दिवस पर सामने आए इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब निगाहें भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया और पार्षद द्वारा लगाए गए आरोपों पर उठाए जाने वाले संभावित कदमों पर टिकी हैं।
पार्टी में उपेक्षा से आहत महिला पार्षद ने भाजपा के पद से दिया इस्तीफा




