अल्मोड़ा। जनपद में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संभावित क्षय रोगियों की पहचान और स्क्रीनिंग अभियान में तेजी आई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से हाई रिस्क क्षेत्रों में व्यापक स्क्रीनिंग की जा रही है, जिससे जनपद की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज हुआ है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत के निर्देश पर वर्तमान में हवालबाग, ताड़ीखेत, धौलादेवी और भिकियासैंण विकासखंडों में स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रतिदिन 150 से 250 लोगों की एक्स-रे जांच की जा रही है। साथ ही संभावित मरीजों के बलगम की जांच भी कराई जा रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रांशु डेनियल और जिला नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार शर्मा के नेतृत्व में अभियान को गति मिली है। स्क्रीनिंग में आई तेजी के चलते अल्मोड़ा की रैंकिंग में सुधार हुआ है और जनपद अब प्रदेश में तीसरे-चौथे स्थान पर पहुंच गया है। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों (सीएचओ) तथा जहां सीएचओ उपलब्ध नहीं हैं, वहां एएनएम का सहयोग लिया जा रहा है। टीबी कार्यक्रम से जुड़े कार्मिक लगातार संभावित मरीजों की पहचान और जांच में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद को 547 हाई रिस्क गांवों में स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 499 गांवों का कार्य पूरा किया जा चुका है। विभाग ने जल्द ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद जताई है। कार्यक्रम की नियमित समीक्षा जिलाधिकारी और राज्य स्तर पर भी की जा रही है। अभियान के सफल संचालन में एसटीएस, एसटीएलएस, डीईओ, डीपीएस, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्मिक सहयोग कर रहे हैं।
अल्मोड़ा जनपद टीबी मुक्त भारत अभियान में हाई रिस्क गांवों की स्क्रीनिंग लक्ष्य के करीब





