Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा, 97,683 मामलों पर हुई सुनवाई

Spread the love


अल्मोड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अल्मोड़ा जनपद में जारी सभी 98,529 नोटिसों का वितरण पूरा कर लिया गया है, जबकि 97,683 मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंट-1 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 4,71,938 मतदाता पंजीकृत हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जारी किए गए सभी 98,529 नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचा दिए गए हैं और अधिकांश मामलों में सुनवाई भी पूरी कर ली गई है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंटों को नोटिस वितरण, सुनवाई की प्रगति और पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए अभियान को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की। बैठक में बताया गया कि सुनवाई प्रक्रिया के संचालन के लिए जनपद में 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं, 949 मतदेय स्थलों से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए 856 सुनवाई स्थल निर्धारित किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह रावत, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।