अल्मोड़ा। रक्षाबंधन पर्व से पूर्व प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा से जुड़ी महिलाओं ने जिला कारागार पहुंचकर अधिकारियों, कारागार कर्मियों और बंदी जनों को रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का संदेश देते हुए सभी के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में बंदी जनों ने रक्षाबंधन की भावना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने अपनी प्रतिभा और सकारात्मक सोच का प्रदर्शन किया। जिला कारागार अधीक्षक जयंत पांगती ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और समाज की मुख्यधारा में लौटने की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज के हेमेंद्र जोशी ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और जीवन में सकारात्मक बदलाव का अवसर भी है। उन्होंने बंदियों से अतीत से सीख लेकर बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, डॉ. हेमंत पांडे सहित ब्रह्माकुमारीज उप सेवा केंद्र की सदस्य महिलाओं ने सहभागिता की और सभी बंदी जनों तथा कारागार स्टाफ को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
रक्षाबंधन के उपलक्ष्य पर बंदियों और कारागार कर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र





