Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रानीखेत की मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, शासन ने मांगी संशोधित रिपोर्ट

Spread the love

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को सचिवालय में रानीखेत में प्रस्तावित दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र और रोडवेज स्टेशन के समीप प्रस्तावित पार्किंग योजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय स्थिति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को व्यवहार्यता का विस्तृत परीक्षण कर संशोधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा में बताया गया कि गैस गोदाम-आशियाना पार्क के निकट प्रस्तावित चार मंजिला पार्किंग परियोजना का प्रारंभिक आगणन 9.35 करोड़ रुपये था, जबकि तकनीकी परीक्षण के बाद 8.61 करोड़ रुपये को औचित्यपूर्ण माना गया है। इस पार्किंग में 59 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था के साथ महिला एवं पुरुष शौचालय भी बनाए जाएंगे। यह क्षेत्र सदर बाजार के समीप होने के कारण पार्किंग की कमी से अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है।

वहीं रोडवेज स्टेशन के पास प्रस्तावित दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का प्रारंभिक आगणन 4.99 करोड़ रुपये था, जिसमें तकनीकी समिति ने 4.80 करोड़ रुपये को उपयुक्त माना है। इस पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया वाहनों सहित कुल 154 वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। परियोजना के लिए छावनी परिषद रानीखेत की अनापत्ति भी प्राप्त हो चुकी है तथा निर्माण के बाद इसका संचालन जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा करेगा।

बैठक में दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, दोपहिया एवं चारपहिया पार्किंग के अनुपात, संभावित राजस्व, राजस्व साझेदारी मॉडल और प्रस्तावित स्थलों की उपयोगिता का विस्तृत अध्ययन कर संशोधित आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि रानीखेत जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन एवं व्यापारिक नगर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था समय की आवश्यकता है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से यातायात जाम की समस्या कम होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।