Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

भैंसियाछाना बहुउद्देशीय शिविर में 161 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

Spread the love

अल्मोड़ा। भैंसियाछाना विकासखंड के अंतर्गत सोमवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनियाल (दशौं) में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया। शिविर में 653 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 161 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं आधार पंजीकरण एवं संशोधन शिविर के माध्यम से 22 आधार कार्डों का पंजीकरण और संशोधन भी किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो रहा है और उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शिविर में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।