Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बाड़ेछीना में पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षा का पढ़ाया पाठ

Spread the love

अल्मोड़ा। महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत सोमवार को धौलछीना स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बाड़ेछीना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, किसी अपरिचित व्यक्ति के साथ न जाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल अभिभावकों और पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, संदिग्ध लिंक, फर्जी लोन, ऑनलाइन इनाम और निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेम्स की लत से दूर रहकर पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही पुलिस की मित्रवत एवं मददगार छवि प्रस्तुत करते हुए बच्चों के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नंदन सिंह गैलाकोटी ने थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा को सम्मानित किया तथा विद्यालय परिवार की ओर से इस जनहितकारी जागरूकता अभियान के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।