Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

एडम्स बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को यातायात नियमों की दी जानकारी

Spread the love

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को यातायात पुलिस ने एडम्स बालिका इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम क्षेत्राधिकारी यातायात बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह एवं यातायात पुलिस टीम की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यापिकाओं और छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व की जानकारी दी गई। पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब के नशे में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। छात्राओं को नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्ति के वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन स्वामी या अभिभावक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना, तीन वर्ष तक के कारावास सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।