Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रेडक्रॉस प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर हुई चर्चा

Spread the love

अल्मोड़ा। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत से शिष्टाचार भेंट कर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों के विस्तार को लेकर चर्चा की। बैठक में भविष्य में संयुक्त रूप से स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।

प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ के समक्ष नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रेडक्रॉस की भूमिका को और प्रभावी बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने सहित विभिन्न सुझाव रखे।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस के समन्वय से आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने जनहित के सभी अभियानों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने भी स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संस्था निरंतर कार्य करती रहेगी।

बैठक में रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ चेयरमैन अमित साह मोनू, यूथ सचिव मनोज भंडारी मंटू, उपसचिव अभिषेक जोशी, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, हरीश कनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।