Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दूनागिरी इंटर कॉलेज में पुलिस की जागरूकता क्लास, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश

Spread the love

अल्मोड़ा। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज, दूनागिरी (द्वाराहाट) में छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई। कोतवाली द्वाराहाट प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ महिला उपनिरीक्षक मीना आर्या ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के नए तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में पीड़ित तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें, ताकि मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) के माध्यम से धनराशि सुरक्षित कराने का प्रयास किया जा सके। साथ ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग तथा नागरिकों के अधिकार और कर्तव्यों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक नागरिक बनने और यह जानकारी अपने परिवार तथा आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की। छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए शिक्षा और बेहतर भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया गया। साथ ही मानस हेल्पलाइन 1933 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि नशे से संबंधित सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपदा हेल्पलाइन 1070, डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता बताते हुए किसी भी आपात स्थिति, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करने का आह्वान किया।