Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

एसएसजे विवि और परिसर का विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे ने किया निरीक्षण

Spread the love

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री कार्यालय में पूर्व सलाहकार और वर्तमान में उत्तराखंड सरकार के पर्यटन विभाग में विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे ने सोमवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय और अल्मोड़ा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान, विधि और वाणिज्य सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया और भवनों एवं शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय की संरचनात्मक स्थिति, वित्तीय एवं मानव संसाधनों, शैक्षणिक गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के समक्ष मौजूद विभिन्न चुनौतियों से भी अवगत कराया। प्रशासनिक भवन में हुई बैठक के दौरान भास्कर खुल्बे ने जर्जर भवनों की स्थिति सुधारने के लिए बजट तैयार करने के निर्देश दिए। खेल अधिकारी लियाकत अली को वर्ष 2030 तक खेल गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चंद्र जोशी और आशीष जोशी को विश्वविद्यालय की आवश्यक संरचना एवं विद्यार्थियों के लिए जरूरी संसाधनों को लेकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। खुल्बे ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को बीबीए, एमबीए और बीसीए जैसे पाठ्यक्रमों के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इन पाठ्यक्रमों की महंगी फीस वहन करना मुश्किल होता है। ऐसे में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में इन पाठ्यक्रमों और संबंधित विभागों को मजबूत किया जाना जरूरी है। उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रगति की जानकारी लेते हुए कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को प्रशासनिक भवन के बेहतर स्वरूप और उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व कुलपति और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भास्कर खुल्बे का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, देवेंद्र पोखरिया, विपिन जोशी, मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चंद्र जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।