Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के दिए टिप्स

Spread the love

अल्मोड़ा। नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा को लेकर अल्मोड़ा पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में धौलछीना पुलिस ने विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा ने राजकीय इंटर कॉलेज भल्यूटा और राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय खाटवे में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए अपराधों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करने की सलाह देते हुए एमआरएम (मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल) के माध्यम से ठगी गई धनराशि को सुरक्षित कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा नागरिकों के अधिकार और कर्तव्यों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने भल्यूटा और खाटवे गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्टिंग और ऑनलाइन ठगी के तरीकों से अवगत कराया। पुलिस ने अभियान के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपदा हेल्पलाइन 1070, डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मानस हेल्पलाइन 1933 की उपयोगिता की जानकारी भी दी तथा किसी भी आपात स्थिति, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।