Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करे सरकार: भूपेंद्र सिंह भोज

Spread the love

अल्मोड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार की बेटी का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा है, इसलिए सरकार और जांच एजेंसी को जांच की वर्तमान स्थिति से जनता को अवगत कराना चाहिए। भोज ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करती रही है। उनका कहना है कि लंबे समय से सीबीआई जांच जारी है, लेकिन अब तक जांच में हुई प्रगति और महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया गया, जिससे पीड़ित परिवार और प्रदेश की जनता के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में उनकी आशंकाओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए जांच को शीघ्र निष्कर्ष तक पहुंचाया जाना चाहिए। कांग्रेस इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठा चुके हैं और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए तथा कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की है कि सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति सार्वजनिक की जाए, जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को जनता के समक्ष रखा जाए।