Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से करें निस्तारण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: एडीएम

Spread the love

अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने अधिक संख्या में लंबित मामलों वाले विभागों को प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के समाधान में गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा। समीक्षा के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की लंबित शिकायतों पर विशेष चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को सभी लंबित मामलों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएमजीएसवाई और पेयजल निगम के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।