अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने विकास भवन सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें और उसके अनुसार तैयारियां पूरी करें। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का समय रहते भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था और पहुंच मार्ग सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जहां कमियां पाई जाएं, वहां संबंधित विभागों से समन्वय कर समय रहते उन्हें दूर किया जाए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं और निर्वाचन कार्मिकों को परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, परिवहन, संचार और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों का पूर्व आकलन कर व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करें। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नामित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, मतदान केंद्रों पर सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश








Leave a Reply