अल्मोड़ा। महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराधों तथा उनकी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों के प्रति जागरूक करने के लिए अल्मोड़ा पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को महिला कोतवाली पुलिस ने विशाल मेगा मार्ट और अल्मोड़ा बाजार में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले में साइबर जागरूकता 2.0 अभियान चलाया जा रहा है। महिला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल रजनी जोशी और उषा ने बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचीं महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। पुलिस टीम ने उन्हें साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने और अज्ञात व्यक्तियों के संदेशों पर भरोसा करने से बचें। पुलिस कर्मियों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में भी बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस, सीबीआई या कोई अन्य जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। इसके अलावा इनाम, लॉटरी और अन्य आकर्षक प्रलोभन देकर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहने की सलाह दी। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को बच्चों से संबंधित अपराधों, घरेलू हिंसा अधिनियम और मानव तस्करी के बारे में भी जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा के लिए गौरा शक्ति ऐप की उपयोगिता और सुविधाओं के बारे में बताते हुए पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराया। पुलिस ने आपातकालीन स्थिति में डायल 112 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
महिलाओं और बालिकाओं को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए, गौरा शक्ति ऐप की दी जानकारी








Leave a Reply