अल्मोड़ा। विकासखंड हवालबाग के राजकीय इंटर कॉलेज कमलेश्वर में रसायन विज्ञान के रिक्त पद पर अतिथि प्रवक्ता की नियुक्ति कर दी गई है। शिक्षा विभाग की ओर से की गई इस तैनाती से विद्यालय के विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। अब रसायन विज्ञान की पढ़ाई के साथ बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी सुचारू रूप से हो सकेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य खजान चंद्र काण्डपाल ने बताया कि रसायन विज्ञान के शिक्षक का पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस संबंध में शिक्षा विभाग से शिक्षक की तैनाती का अनुरोध किया गया था। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से अतिथि प्रवक्ता की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पूर्व विद्यालय में शिक्षा स्वयंसेवक की नियुक्ति के लिए भी आदेश जारी किए गए थे, लेकिन क्षेत्र में योग्य शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण पद रिक्त रह गया था। अब रसायन विज्ञान के अतिथि प्रवक्ता की तैनाती होने से विद्यार्थियों को विषय की पढ़ाई में नियमित मार्गदर्शन मिल सकेगा। नियुक्ति पर प्रधानाचार्य खजान चंद्र काण्डपाल सहित विद्यालय के संरक्षकों, अभिभावक संघ, विद्यालय प्रबंधन समिति और जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग, मुख्य शिक्षा अधिकारी अल्मोड़ा, मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पटल सहायकों एवं कर्मचारियों तथा खंड शिक्षा अधिकारी हवालबाग और उनके कार्यालय के कर्मचारियों का आभार जताया है। आभार व्यक्त करने वालों में जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, विद्यालय संरक्षक आनंद सिंह डंगवाल और विपिन चंद्र पंत, पीटीए अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह स्यूनरी, एसएमसी अध्यक्ष कविता भाकुनी, ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह पालनी, हरीश राम, पूरन सिंह बिष्ट और भास्कर राम शामिल रहे।
जीआईसी कमलेश्वर में रसायन विज्ञान के अतिथि प्रवक्ता की तैनाती पर जताया आभार








Leave a Reply