Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

त्योहारों के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अल्मोड़ा पुलिस की सघन चेकिंग, 71 वाहन चालकों के चालान

Spread the love


अल्मोड़ा। त्योहारों के बाद पहाड़ों से अपने-अपने कार्यक्षेत्रों की ओर लौट रहे यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने तड़के से ही जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 71 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीओ अल्मोड़ा और सीओ रानीखेत के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस और यातायात पुलिस ने सुबह से ही वाहनों की जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों और परिचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने, ओवरस्पीड से वाहन नहीं चलाने और किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि कोई चालक या परिचालक ओवरलोडिंग करता है अथवा नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *